जिले के 372405 बच्चों को खिलाई जाएगी कृमि नाशन दवा

राजनांदगांव, 04 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के संबंध में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं शासकीय विद्यालयों, शासकीय अनुदान प्राप्त शालाओं, केन्द्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों, मदरसों, निजी स्कूलों, महाविद्यालयों एवं तकनीकी शिक्षा संस्थानों के माध्यम से 1 से 19 वर्ष तक के बालक-बालिकाओं को कृमि नाशक दवा एलबेंडाजॉल 400 मिग्रा का सेवन कराया जाएगा तथा छूटे हुए बच्चों को मॉपअॅप दिवस 17 अगस्त 2026 को कृमि नाशक दवा एलबेंडाजॉल का सेवन कराया जाएगा। कलेक्टर ने 1 से 19 आयु वर्ग वाले बच्चों के पालकों से कृमि संक्रमण चक्र को रोकने तथा समुदाय में कृमि संक्रमण दर को कम करने स्कूल व आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से एलबेन्डाजॉल का सेवन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरत ने बताया कि कृमि संक्रमण के हानिकारक प्रभाव से खून की कमी एनीमिया, कुपोषण, भूख न लगना, जी मिचलना, उल्टी और दस्त लगना तथा वजन में कमी होती है। एलबेंडाजॉल के सेवन से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण का स्तर, एनिमिया की रोकथाम, बौद्धिक विकास, औसत आयु में वृद्धि तथा शाला में उपस्थिति में सुधार होती है एवं समुदाय में कृमि संक्रमण की दर में कमी आती है। कृमि संक्रमण की रोकथाम हेतु खाने के पहले एवं शौच के बाद हाथों को साबून से धोवे, फल एवं सब्जियां धोकर उपयोग करें, नाखून कटे हुए रखें, बच्चों को नंगे पांव न घूमने दें, साथ ही खुले में शौच न करें। नोडल अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले के कुल 3 लाख 72 हजार 405 बच्चों को कृमि नाशक दवा का सेवन कराया जायेगा। एलबेन्डाजॉल 400 मिग्रा की दवा 1-2 वर्ष के आयु वर्ग वाले बच्चों को आधी गोली चूरा कर तथा 2-3 आयु वर्ग के बच्चों को 1 गोली चूरा कर तथा 3-19 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को 1 गोली चबाकर साफ पानी के साथ सेवन कराया जाएगा।

About The Author