संवेदनशील प्रशासन समाधान की ओर बढ़ते कदम
मुंगेली, 04 अगस्त 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से रूबरू होकर उनकी मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने आमजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र कार्यवाही करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनदर्शन में ग्राम भालापुर के श्री रामदास ने राजस्व रिकॉर्ड अद्यतन कराने, अंबेडकर वार्ड मुंगेली की श्रीमती रोहिणी खांडे ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का लाभ दिलाने तथा ग्राम लगरा के श्री राजेंद्र प्रसाद घृतलहरे ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार ग्राम पेटुलकापा के श्री विजेंद्र कुमार ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय योजना का लाभ, ग्राम करही की श्रीमती अमोली साहू ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन, जबकि ग्राम तुलसीकापा की श्रीमती सुखमणि ध्रुव ने अपने ससुर का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने संबंधी आवेदन दिया।
ग्राम डांड़गांव की श्रीमती गुलापा बाई ने उचित मूल्य दुकान से राशन दिलाने, ग्राम रामपुर के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा नवागांव चीनू के श्री अरविंद राजपूत ने आवासीय पट्टा प्रदान करने की मांग रखी। वहीं ग्राम जोता की श्रीमती वृंदाबाई वर्मा ने नवीन आधार कार्ड बनवाने, ग्राम पड़ियाइन के श्री श्याम ने भूमि बंटवारा कराने तथा श्री मुन्ना कबीर ने भूमि के खसरा नंबर में सुधार कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा अन्य नागरिकों ने भी अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष रखे।
जनदर्शन के दौरान कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमों के तहत त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन प्रशासन और आमजन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्रदान कर रहा है। जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।