जल जीवन मिशन से बदली जारामोंगिया की तस्वीर

बीजापुर, 05 अगस्त 2026/sns/- भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत बिरियाभूमि के आश्रित ग्राम जारामोंगिया में जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की दिशा में उल्लेखनीय सफलता मिली है। जिला मुख्यालय से लगभग 75 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में अब 28 परिवारों को नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान हुआ है।
पूर्व में ग्राम में केवल 4 हैंडपंपों के माध्यम से जल आपूर्ति होती थी। पानी भरने के लिए ग्रामीणों को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था और हर मौसम में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित 10 केएल क्षमता के एक सोलर आधारित जल संरचना (सोलर स्ट्रक्चर) के माध्यम से अब प्रत्येक घर तक नल से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। 21 मई 2026 को आयोजित जल उत्सव कार्यक्रम के दौरान ग्रामसभा में जारामोंगिया को शत-प्रतिशत ‘हर घर जल‘ प्रमाणित किया गया। इस अवसर पर ग्राम की सरपंच श्रीमती पोंदिये पोयम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता एवं उपअभियंता श्री अशोक राज, परियोजना समन्वयक श्री टोपेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामसभा में नल-जल योजना के संचालन एवं संधारण, नियमित जलापूर्ति, रखरखाव तथा जलकर संग्रहण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों की सर्वसम्मति से पानी समिति द्वारा प्रत्येक परिवार से 40 रुपये प्रतिमाह जलकर लेने का निर्णय लिया गया, जिससे योजना का सुचारु संचालन और रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके।
ग्रामवासी राजू राम लेकाम सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पहले पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। गर्मी, बरसात और सर्दी के मौसम में हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब घर-घर नल से पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल मिलने से उनकी दैनिक दिनचर्या आसान हुई है और पानी की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है। जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से जारामोंगिया गांव आज ग्रामीण पेयजल व्यवस्था का एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है, जहां हर घर तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुनिश्चित हुई है।

About The Author