इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण 7 अगस्त को
रायगढ़, 5 अगस्त 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के महाविद्यालयों एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी ईएलसी नोडल अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, रायगढ़ के सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगा।
कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार निर्वाचन आयोग द्वारा ईएलसी नोडल अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रोफाइल तैयार करने तथा क्लब की गतिविधियों से संबंधित सामान्य जानकारी निर्धारित गूगल लिंक पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अनुरूप जिले के महाविद्यालयों एवं संस्थानों द्वारा ईएलसी का गठन कर नोडल अधिकारी का नाम, दूरभाष क्रमांक तथा संस्थान से संबंधित आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जा रही है। निर्देशों में कहा गया है कि जिन महाविद्यालयों अथवा संस्थानों में अभी तक इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) का गठन नहीं हुआ है, वे तत्काल क्लब का गठन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से आवश्यक जानकारी अद्यतन करें, ताकि निर्वाचन साक्षरता से जुड़े कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन किया जा सके।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी ईएलसी-न्यू वोटर्स कार्यक्रम से जुड़े नोडल अधिकारियों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन साक्षरता, युवा मतदाताओं की सहभागिता बढ़ाने तथा ईएलसी की कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे।