एक कॉल बनी उम्मीद, समय पर मिली पीएम आवास की तीसरी किस्त

सुकमा, 05 अगस्त 2026/sns/- जनपद पंचायत कोंटा के अंतर्गत ग्राम पंचायत ढोंढरा निवासी श्री सोड़ी नंदा, पिता श्री कोसा ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत अपना पक्का आवास 22 मार्च 2026 को पूर्ण कर लिया था। आवास पूर्ण होने के पश्चात हितग्राही को तीसरी किस्त की राशि प्राप्त होने की प्रतीक्षा थी।
हितग्राही द्वारा 24 जून 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में कॉल कर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीसरी किस्त 25,000 जारी किए जाने का अनुरोध किया गया। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रकरण का त्वरित परीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि राज्य शासन से राशि प्राप्त होते ही 06 जून 2026 को हितग्राही की तीसरी किस्त का एफटीओ तैयार कर दिया गया था, जिसके उपरांत निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने पर 25 जून 2026 को 25 हजार की राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में जमा हो गई।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से राशि प्राप्त होने के बाद हितग्राही श्री सोड़ी नंदा ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से समाधान पर खुशी व्यक्त करते हुए माननीय मुख्यमंत्री जी एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की पारदर्शी व्यवस्था और त्वरित कार्रवाई के कारण उन्हें समय पर योजना का लाभ प्राप्त हुआ, जिससे शासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 केवल शिकायतों के निराकरण का माध्यम ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों और शासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु भी बन रही है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन से पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध तरीके से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे प्रत्येक पात्र परिवार के पक्के घर के सपने को साकार किया जा रहा है।

About The Author