जिले में 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन     

जांजगीर-चांपा, 06 अगस्त 2026/sns/- जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का आयोजन 10 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इस दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों, शासकीय एवं निजी विद्यालयों, केन्द्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, मदरसा, आईटीआई, पॉलीटेक्निक संस्थानों तथा महाविद्यालयों (प्रथम वर्ष) के माध्यम से 1 से 19 वर्ष आयु के बच्चों को कृमिनाशक दवा एलबेन्डाजोल खिलाई जाएगी। कार्यक्रम में छूटे बच्चों को 17 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस पर दवा दी जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में 1 से 19 वर्ष आयु के 4 लाख 12 हजार 94 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य है। 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली (200 एमजी) तथा 2 से 19 वर्ष के बच्चों को एक गोली (400 एमजी) दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कृमिनाशक दवा के सेवन से कृमि संक्रमण की रोकथाम होती है, एनीमिया में कमी आती है तथा बच्चों के पोषण स्तर और बौद्धिक विकास में सुधार होता है। इससे बच्चों की स्कूलों में नियमित उपस्थिति भी बढ़ती है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जिले के सभी अभिभावकों से अपने 1 से 19 वर्ष आयु के बच्चों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर कृमिनाशक दवा का सेवन कराने की अपील की है। साथ ही बच्चों को हाथ धोने, फल एवं सब्जियां अच्छी तरह धोकर खाने तथा खुले में शौच से बचने जैसी स्वच्छता संबंधी आदतें अपनाने के लिए भी प्रेरित करने का आग्रह किया है।

About The Author