ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के 6 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ

सुकमा, 06 अगस्त 2026/sns/- जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं विभागीय तथा केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन ने ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के 6 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। यह नियुक्ति जिला प्रशासन के डी.एम.एफ. मद के अंतर्गत मासिक मानदेय के आधार पर स्थानीय व्यवस्था के तहत की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सहायक संचालक उद्यान से प्राप्त  जानकारी के अनुसार भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 6 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से प्रारंभ हो गई है, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 को शाम 5ः30 बजे निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियों सहित आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर भेजना होगा। आवेदन केवल रजिस्टर्ड डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन पत्र कार्यालय सहायक संचालक उद्यान, संयुक्त जिला कार्यालय, कक्ष क्रमांक-26, जिला सुकमा (छत्तीसगढ़), पिन कोड 494111 के पते पर भेजना अनिवार्य है। उद्यानिकी विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदन अथवा अन्य माध्यमों से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

About The Author