कृषि विभाग ने खाद-बीज दुकानों का औचक निरीक्षण

मुंगेली, 06 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में खरीफ मौसम 2026 के दौरान किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले खाद एवं बीज की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग लगातार निगरानी एवं निरीक्षण अभियान चला रहा है। उप संचालक कृषि विभाग के मार्गदर्शन में खाद एवं बीज के भंडारण, वितरण तथा विक्रय व्यवस्था पर सतत नजर रखी जा रही है, ताकि किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध हो सके।
इसी क्रम में आज विकासखंड मुंगेली के ग्राम रामगढ़ स्थित मैसर्स जितेश ट्रेडर्स तथा गोपाल कृषि केंद्र का कृषि विभाग की टीम द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मैसर्स जितेश ट्रेडर्स में उर्वरक विक्रय एवं संचालन से संबंधित विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित फर्म को उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का संतोषजनक जवाब दो दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसानों को निर्धारित दर पर रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने तथा दुकान का संचालन शासन के नियमों के अनुरूप करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कृषि विभाग ने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद एवं बीज की कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली अथवा अन्य अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे, जिससे किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान जिला उर्वरक निरीक्षक श्री मनहरण कुर्रे एवं उर्वरक निरीक्षक श्री राजेश साहू सहित कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author