हर घर तिरंगा अभियान के लिए सीईओ श्री बजरंग दुबे नोडल अधिकारी नियुक्त
दुर्ग, 07 अगस्त 2026/sns/- जिले में 09 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा कार्यक्रम’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की थीम ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत जिले के नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक एवं व्यक्तिगत गायन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना है। ‘हर घर तिरंगा कार्यक्रम’ के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बजरंग दुबे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां संचालित किए जाएंगे, जिसमें तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैलियां, तिरंगा दौड और मैराथन, तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा कैनवास, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा सम्मान, तिरंगा मेला, हर घर तिरंगा और वंदे मातरम पर एक विशेष प्रदर्शनी, वंदे मातरम की थीम पर विशाल तिरंगा रंगोली का प्रदर्शन किया जाएगा। 09 से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम के साथ ही 07 से 15 अगस्त 2026 वंदे मातरम का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।