शहीद के सम्मान से शुरू हुआ राष्ट्रभक्ति का महापर्व अभियान का आगाज
बीजापुर, 07 अगस्त 2026/sns/- स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में आयोजित ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान का शुभारंभ आज राष्ट्र के लिए सर्वाेच्च बलिदान देने वाले कीर्ति चक्र से सम्मानित अमर शहीद जवान सोढ़ी नारायण के निवास से किया गया। कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने शहीद के परिजनों को ससम्मान तिरंगा भेंट कर अभियान का शुभारंभ किया तथा उनके घर पहुंचकर आत्मीय मुलाकात कर कुशलक्षेम जाना।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शहीद सोढ़ी नारायण के अद्वितीय साहस, राष्ट्रसेवा और सर्वाेच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया। शहीद की पत्नी एवं उनकी दोनों बेटियों से आत्मीय चर्चा के दौरान परिवार ने बीजापुर के नक्सल मुक्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बना है, जो वीर शहीदों के बलिदान का ही परिणाम है। परिजनों ने बताया कि उनका मूल गांव उसूर विकासखंड के सुदूर क्षेत्र में स्थित है, जहां पहले सुरक्षा कारणों से जाना संभव नहीं था। लेकिन जिले के नक्सल मुक्त होने के बाद वे दो बार अपने पैतृक गांव जा चुके हैं, जो उनके लिए अत्यंत भावुक और सुखद अनुभव रहा। शहीद की बड़ी बेटी ने बताया कि वह बी.एससी. की पढ़ाई कर रही हैं और आगे एम.एससी. करने की तैयारी कर रही हैं, जबकि छोटी बेटी एलएलबी की पढ़ाई कर न्याय के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उनके साथ सदैव खड़ा है और हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता ने शहीद के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा शहीद सोढ़ी नारायण के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री भुवन सिंह चौहान, एसडीएम श्री जागेश्वर कौशल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री बंशीलाल नुरुटी, वार्ड पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।