सूर्य घर योजना ने बदली जिंदगी बिजली बिल की चिंता से मिली राहत
दुर्ग, 07 अगस्त 2026/sns/- प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना आम लोगों के घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के साथ-साथ बिजली के बढ़ते खर्च से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। इसका लाभ उठाते हुए प्रगति नगर, रिसाली निवासी श्री एस. सत्यम ने अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है।
सोलर पैनल लगने के बाद श्री सत्यम को हर महीने आने वाले बिजली बिल की चिंता से काफी हद तक राहत मिली है। अब उनके घर की बिजली जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा हो रहा है। इससे बिजली खर्च में कमी आने के साथ ही स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है।
श्री एस. सत्यम बताते हैं कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से घर की छत पर सोलर पैनल लगवाना उनके लिए एक उपयोगी और लाभकारी निर्णय साबित हुआ है। पहले हर महीने बिजली बिल को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन सोलर पैनल लगने के बाद इस चिंता से काफी राहत मिली है। उन्होंने अन्य लोगों से भी अपील की कि वे अपने घरों की छतों का उपयोग सौर ऊर्जा के लिए करें और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाकर बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपना योगदान दें।
सौर ऊर्जा की ओर बढ़ता यह कदम न केवल घरेलू बिजली खर्च को कम करने में मददगार है, बल्कि आत्मनिर्भर ऊर्जा व्यवस्था और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में भी एक सार्थक पहल है। श्री सत्यम का अनुभव इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आम नागरिक अपने घर की ऊर्जा जरूरतों को अधिक किफायती और टिकाऊ बना सकते हैं।