कृमि मुक्ति दिवस पर सभी स्कूलों व आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों व किशोरों को दी गई एल्बेंडाजोल की दवा
कवर्धा, 10 अगस्त 2026/sns/- राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति श्रीमती पूर्णिमा मनीराम साहू द्वारा विकासखंड बोड़ला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खडौदाखुर्द में बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया गया।
जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति श्रीमती पूर्णिमा मनीराम साहू ने अभिभावकों से अपील की है कि, वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से कृमि मुक्ति की दवा खिलाए और जो बच्चे आज नहीं खा पाए है, उन्हें 17 अगस्त माप अप दिवस के दिन खिलाए। शुभारंभ कार्यक्रम में सरपंच श्री दुजेराम साहू, श्री लोकनाथ साहू, प्रधान पाठक श्री शिव कुमार वर्मा, हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्या श्रीमती पुष्पलता मानिकपुरी एवं स्कूल के शिक्षक, शिक्षिका एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी के तूरे ने बताया कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिये खुली जगह में शौच नहीं करना चाहिए। खाने से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोना चाहिए और फलों और सब्जियों को खाने से पहले पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए। नाखून साफ व छोटे रखे, साफ पानी पीएं खाना ढक कर रखें और नंगे पांव बाहर ना खेलें और जूते पहनकर रखें।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती अनुपमा तिवारी ने बताया कि यह दवा पूर्णतः सुरक्षित है। जो बच्चे स्वस्थ दिखें उन्हें भी ये खिलाई जानी है क्योंकि कृमि संक्रमण का प्रभाव कई बार बहुत वर्षों बाद स्पष्ट दिखाई देता है। दवा से पेट के कीड़े मरते हैं इसलिए कुछ बच्चों में जी मिचलाना उल्टी या पेट दर्द जैसे सामान्य छुट पुट लक्षण हो सकते हैं लेकिन ये सामान्य व अस्थाई हैं। जिन्हें आंगनबाड़ी व विद्यालय में संभाला जा सकता है। सामान्य बीमार बच्चों को भी दवा दी जा सकती है। दवा लेने के बाद कृमिमुक्त हो जाते है जिससे अच्छे से भूख लगती है खून की कमी दूर होती है। पढ़ने मे मन लगता है शरीर में उर्जा महसूस होती है। बौद्धिक क्षमता बढ़ती है। यह 1 वर्ष से 19 वर्ष के बच्चों के लिए अत्यंत ही लाभकारी है।
जिला सलाहकार डॉ मुकुंद राव द्वारा बताया गया कि बच्चों में बढ़ते कुपोषण की रोकथाम व शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 1 से लेकर 19 वर्ष तक के बच्चों व किशोर किशोरियों को आंगनबाड़ी केंद्रों सरकारी व निजी विद्यालयों में एलबेन्डाजोल गोली (पेट के कीड़े मारने की दवा) निःशुल्क खिलाई जाएगी। इसके बाद 17 अगस्त को मॉप अप दिवस आयोजित किया जाएगा, जिसमे 10 अगस्त को टैबलेट नही खा पाने वाले छूटे हुए बच्चों को एलबेंडाजोल गोली खिलाई जाएगी।