कलेक्टर कुलदीप शर्मा की संवेदनशील पहल

बलौदाबाजार,11 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय से आज एक बार फिर जनदर्शन में आए एक जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान तैर गई। साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान जब दृष्टबाधित बालिका प्रियंका अपनी समस्या लेकर पहुंची, तो कलेक्टर ने न सिर्फ उसकी पूरी बात आत्मीयता से सुनी, बल्कि उसकी संगीत के प्रति रुचि को देखते हुए तत्काल उसे एक आधुनिक स्मार्ट फोन प्रदान किया। इस दौरान प्रियंका ने अपनी सुरीली आवाज में देशभक्ति गीत भी सुनाई। कलेक्टर ने प्रियंका के.मधुर आवाज की सराहना करते हुए उज्जवल भविष्य और सुरों की दुनिया में जिले का नाम रोशन करने के लिए अपनी ढेरों शुभकामनाएं भी दीं।

कसडोल विकासखंड के ग्राम कटगी निवासी प्रियंका बघेल बचपन से ही दृष्टिबाधित हैं। उन्होंने बताया क़ि बागबाहरा स्थित दृष्टिबाधित बच्चों के विद्यालय से हाई स्कूल तक की पढ़ाई पूरी की है। आगे की पढ़ाई के लिये इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ से संगीत विषय में ग्रेजुएशन करना चाहती है औऱ एडमिशन भी लिया है।आगे की पढ़ाई और ऑनलाइन संगीत कक्षाओं के लिए मोबाइल फोन की आवश्यकता थी। इसी जरूरत को लेकर प्रियंका ने करीब एक सप्ताह पहले कलेक्टर के जनदर्शन में आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई थी।

सप्ताहभर में कलेक्टर से मिली मदद-जनदर्शन में पहुंची प्रियंका ने कलेक्टर को बताया कि उसे बचपन से ही गाने का और संगीत सीखने का गहरा शौक है। दृष्टिबाधित होने के कारण उसे संगीत की बारीकियों को सीखने, नए गानों को सुनने और उनका अभ्यास करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। आर्थिक तंगी की वजह से उसका परिवार उसे टच-स्क्रीन स्मार्ट फोन दिलाने में असमर्थ था, जो आज के दौर में दृष्टिबाधितों के लिए ‘वॉइस असिस्टेंस’ के जरिए पढ़ाई और संगीत सीखने का एक बड़ा माध्यम बन चुका है। प्रियंका की इस परेशानी को कलेक्टर ने पूरी आत्मीयता से समझा और मौके पर ही अधिकारियों को फोन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। निर्देश का त्वरित अनुपालन करते हुए अगले जनदर्शन में प्रियंका को बुलाया गया और कलेक्टर ने उसे नया मोबाइल फोन भेंट किया। मोबाइल हाथ में आते ही प्रियंका के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। कलेक्टर ने प्रियंका की पारिवारिक स्थिति को देखते हुए खाद्य विभाग को 35 किलो चावल वाला राशन कार्ड बनाने के निर्देश भी दिए। इससे प्रियंका के परिवार को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सकेगा।

कलेक्टर ने बढ़ाया हौसला– स्मार्ट फोन सौंपते हुए कलेक्टर श्री शर्मा ने प्रियंका से कहा की शारीरिक अक्षमता कभी भी प्रतिभा के आड़े नहीं आ सकती। इस फोन का उपयोग अपने संगीत के रियाज और नई विधाएं सीखने के लिए करो। आगे चलकर एक दिन सुरों की दुनिया में बड़ा मुकाम हासिल करोगी और नाम रोशन करोगी।

चेहरे पर लौटी मुस्कान-प्रशासन से मिले इस सहयोग से प्रियंका के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने कलेक्टर का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अब वह इस फोन के स्पेशल ऑडियो फीचर्स से काफी मदद मिलेगी।

About The Author