रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर 8 महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग

रायगढ़, 11 अगस्त 2026/sns/- रायगढ़वासियों की वर्षों पुरानी मांग एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह ने नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन श्री सतीश कुमार से मुलाकात कर रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर विस्तृत चर्चा की।
सांसद श्री सिंह ने रेलवे बोर्ड चेयरमैन को सौंपे मांग-पत्र में पुणे हमसफर, वास्को डिगामा सहित 8 महत्वपूर्ण ट्रेनों का रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ छत्तीसगढ़ का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्र है। बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यों के लिए रायगढ़ से देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करते हैं। ऐसे में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद श्री सिंह ने कहा कि रायगढ़ का रेलवे से संबंध केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे क्षेत्र के विकास और जनसहयोग की ऐतिहासिक विरासत भी जुड़ी हुई है। रायगढ़ के विकास एवं रेल सुविधा के विस्तार के लिए क्षेत्र के पूर्वजों द्वारा अपनी भूमि तक दान किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज रायगढ़वासियों की रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगों को प्राथमिकता मिलना जनहित की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे बोर्ड रायगढ़वासियों की इस महत्वपूर्ण मांग पर शीघ्र सकारात्मक एवं जनहितकारी निर्णय लेगा। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की रेल सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक एवं सामाजिक विकास को और गति प्रदान करेगा। इस अवसर पर सांसद श्री सिंह ने सांसद श्री जगदंबिका पाल से भी सौजन्य भेंट की। इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा एवं विचार-विमर्श हुआ। सांसद श्री सिंह ने कहा कि रायगढ़ की सुविधा और रायगढ़ का विकास उनकी प्राथमिकता है तथा क्षेत्रवासियों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों को वे निरंतर संसद एवं संबंधित मंत्रालयों के समक्ष उठाते रहेंगे।

About The Author