हर घर तिरंगा अभियान कबीरधाम जिले में निकाली गई तिरंगा यात्रा

कवर्धा, 11 अगस्त 2026/sns/- हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत कबीरधाम जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला। जिले के विभिन्न ग्रामों, स्कूलों एवं महाविद्यालयों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज स्वामी आत्मानंद विद्यालय पोड़ी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंछेटा तथा ग्राम धरमगढ़ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा निकालते हुए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति के गीत, वंदे मातरम, भारत माता की जय तथा जय हिंद के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा। तिरंगा यात्रा के दौरान हर ओर तिरंगे की शान और गौरव दिखाई दिया। हाथों में तिरंगा थामे छात्र-छात्राएं गर्व के साथ कदमताल करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और समर्पण का भाव व्यक्त कर रहे थे। छोटे-बड़े सभी नागरिकों के चेहरे पर देश के प्रति गर्व, उत्साह और राष्ट्रीय चेतना स्पष्ट रूप से झलक रही थी।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कबीरधाम जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने, अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

About The Author