कलेक्टर ने खरसिया नाका चौक पहुंचकर जलभराव की स्थिति का लिया जायजा
अम्बिकापुर, 12 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आज खरसिया नाका चौक पहुंचकर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लुचकी घाट से खरसिया नाका चैक तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के समाधान के लिए प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा सड़क निर्माण के साथ प्रभावी एवं जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अंबिकापुर एसडीएम को शासकीय भूमि का सर्वे कर जल निकासी के लिए व्यवस्था बनाने एवं अवैध अतिक्रमण तथा जल संसाधन विभाग के नहर में अवैध अतिक्रमण का निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
लुचकी घाट से खरसिया नाका चौक, रेलवे स्टेशन एवं सीतापुर के शहरी क्षेत्र को शामिल करते हुए नवीन सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। इस कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा निर्माण कार्य मेसर्स जवाहरलाल गुप्ता, ठेकेदार, अंबिकापुर को प्राप्त हुआ है। कलेक्टर श्री वसंत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में प्रारंभ कराते हुए गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए।
कलेक्टर श्री वसंत ने क्षेत्र में जलभराव की समस्या से आम नागरिकों को होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए सड़क निर्माण के साथ जल निकासी व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों का तकनीकी परीक्षण कर प्रभावी एवं जल निकासी के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण एवं जल निकासी से संबंधित सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप हों तथा निर्माण कार्य की गुणवत्तायुक्त किए जाएं।
राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता श्री आर.डी. ताम्रे ने कलेक्टर को निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए बताया कि लुचकी घाट से खरसिया नाका चौक तक तथा गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए भी आवश्यक कार्य किए जाएंगे, जिससे बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव की समस्या को प्रभावी रूप से दूर किया जा सके।
कलेक्टर श्री वसंत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एवं जल निकासी से संबंधित सभी कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा कार्य की प्रगति से संबंधित आवश्यक जानकारी समय-समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, एसडीएम श्री बनसिंह नेताम, राष्ट्रीय राजमार्ग एसडीओ श्री निखिल लकड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।