जनमन योजना अंतर्गत निर्माणाधीन आदिवासी छात्रावास भवन का अधीक्षण अभियंता ने किया निरीक्षण
कवर्धा, 12 अगस्त 2026/sns/- प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत बोड़ला विकासखंड के ग्राम रेंगाखार में निर्माणाधीन 100 सीटर आदिवासी छात्रावास भवन का अधीक्षण अभियंता आरसीटीआरसी रायपुर श्री अखिलेश राठौर ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति के साथ भवन में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का स्थल पर परीक्षण किया। इस दौरान सरपंच, सचिव, ग्रामीण एवं विभागीय अभियंता उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता द्वारा उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री एवं कार्य की गुणवत्ता संतोषप्रद पाई गई। अधीक्षण अभियंता ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं निर्धारित मापदंडों का निरंतर पालन सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अभियंताओं को दिए। निरीक्षण एवं निर्माण सामग्री के परीक्षण के उपरांत उपस्थित सरपंच, सचिव एवं अन्य ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।