‘विभाजन की विभीषिका’ पर आधारित छाया चित्र प्रदर्शनी का प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने किया शुभारंभ

सुकमा, 13 अगस्त 2026/sns/- केंद्र एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ पर आधारित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन आज जिला मुख्यालय के बस स्टैंड सुकमा में किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप और दंतेवाड़ा विधायक चौतराम अटामी ने किया।
छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ व अवलोकन करने के बाद मंत्री श्री कश्यप ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी 14 अगस्त 1947 में हुए अक्षुण भारत देश  के विभाजन के दंश को प्रदर्शित करती है, जिसे सम्पूर्ण देशवासियों ने झेला। उन्होंने कहा कि विभाजन के साथ ही देश के अनेक हिस्सों में दंगे, हिंसा तथा वैमनस्यता फैल गई, जिसके परिणामस्वरूप पूरा देश नफरत की आग में झुलस गया। अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति से धार्मिक उन्माद सम्पूर्ण देश में फैल गया। विधायक श्री नेताम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विभाजन की विभीषिका से आम जनता को अवगत कराने के उद्देश्य से जनसम्पर्क विभाग द्वारा उक्त छायाचित्रों के माध्यम से बेहतर ढंग से विस्थापितों की पीड़ा और दर्द को प्रदर्शित करने का बेहतर प्रयास किया गया।
  उक्त प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम्’ की थीम पर दर्शाए गए छायाचित्रों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए वन मंत्री ने आगे कहा कि बंगदर्शन पत्रिका के उपन्यास ‘आनंद मठ’ में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने पहली बार वंदे मातरम् शब्द का इस्तेमाल किया, जो आजादी के संघर्ष के दौर से राष्ट्र की आवाज बन चुका है। इसी नारे की अगुवाई में आजादी के परवानों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी, जिनका ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के आह्वान पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने ‘हर घर तिरंगा’ फहराने की अपील की है, जिसके तहत देश भर में 9 से 17 अगस्त के बीच देशभक्ति से ओतप्रोत अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही है। तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर डीएफओ श्री अक्षय भोंसले सहित जनप्रतिनिधिगण, स्कूली छात्र और आगंतुकगण मौजूद रहे।

About The Author