बस्तर ब्लॉक के चार गांवों में मनाया गया जल अर्पण दिवस

जगदलपुर, 14 अगस्त 2026/sns/- जिले के विकासखंड बस्तर अंतर्गत ग्राम नंदपुरा, तुरपुरा, भानपुरी एवं भुरसुंडी में गत दिवस जल अर्पण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मैदानी अमले ने ग्रामीणों को जल के महत्व की जानकारी देते हुए जल का जरूरत के अनुसार उपयोग करने तथा जल स्रोतों के संरक्षण के लिए जागरूक किया।

इस अवसर पर ग्रामीणों को जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई रखने, शुद्ध पेयजल की महत्ता को समझते हुए जल संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, जल स्रोतों के समीप सोख्ता गड्ढे बनाने तथा अनुपयोगी पानी का उपयोग किचन गार्डन में करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए स्थानीय प्रजाति के पेड़ लगाने पर भी जोर दिया गया।

जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महिला जल वाहिनी के सदस्यों ने चारों गांवों में पानी बचाओ अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को जल की एक-एक बूंद बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अभियान में महिला जल वाहिनी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका एवं मितानिनों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। सरपंच नंदपुरा सालिक राम बघेल, सरपंच तुरपुरा दासरती बघेल एवं सरपंच भुरसुंडी अमृत कश्यप ने जल स्रोतों के संरक्षण एवं रखरखाव की दिशा में जल अर्पण दिवस को महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने और जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने की अपील की।

About The Author