प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु द्वितीय काउंसलिंग 20 अगस्त तक
जांजगीर-चांपा, 14 अगस्त 2026/sns/- मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु द्वितीय काउंसलिंग का आयोजन 16 से 20 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। काउंसलिंग हेतु चयनित छात्र-छात्राओं की सूची एवं तिथि विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in पर प्रदर्शित की गई है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि 16 से 20 अगस्त 2026 तक संबंधित छात्र-छात्राओं को काउंसलिंग सूची में आबंटित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
अनिवार्य दस्तावेज –
छात्र-छात्राओं को कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) से उत्तीर्ण अंकसूची, प्रधानपाठक/प्राचार्य द्वारा जारी कक्षा 8वीं में अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण-पत्र, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण-पत्र, 10 रू. के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर अल्पसंख्यक वर्ग के अंतर्गत होने संबंधी नोटरी द्वारा सत्यापित प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र तथा विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण-पत्र शामिल हैं। विशेष श्रेणी से चयनित विद्यार्थियों को काउंसलिंग की तिथि को दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ बच्चे, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे अथवा देश की रक्षा करते हुए या कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस/अर्द्धसैनिक/सशस्त्र बल के जवान के बच्चे होने संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। काउन्सलिंग के पश्चात् संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु पात्र पाए जाने पर 2 दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण-पत्र तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।