जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं देने पर जोर
रायगढ़, 14 अगस्त 2026/sns/- लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री तथा रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने आज किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय, रायगढ़ का औचक निरीक्षण किया। मंत्रीद्वय ने अस्पताल के विभिन्न विभागों एवं कक्षों का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्था, जांच सुविधाओं तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों एवं सुविधाओं की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मरीजों को बेहतर, सहज और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर आवश्यक उपचार और जांच की सुविधा मिले, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का प्रभावी लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे, इसके लिए अस्पताल की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली को निरंतर बेहतर बनाया जाना आवश्यक है।
अटल आरोग्य लैब से मरीजों को मिल रही निःशुल्क जांच की सुविधा
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने जिला चिकित्सालय में संचालित अटल आरोग्य लैब का भी जायजा लिया। उन्होंने लैब में उपलब्ध जांच सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अटल आरोग्य लैब के माध्यम से 133 से अधिक प्रकार की मेडिकल जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य संस्था के स्तर के अनुसार 64 से 134 प्रकार तक की विभिन्न पैथोलॉजी जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे मरीजों को आवश्यक जांच के लिए निजी लैब पर होने वाले खर्च से राहत मिल रही है। साथ ही, समय पर जांच उपलब्ध होने से बीमारी की शीघ्र पहचान और उपचार में भी सुविधा हो रही है।
व्हाट्सएप पर मिल रही जांच रिपोर्ट
अटल आरोग्य लैब की डिजिटल सुविधा के तहत मरीजों की जांच रिपोर्ट सीधे उनके व्हाट्सएप पर भेजी जा रही है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की आवश्यकता नहीं पड़ती। डिजिटल माध्यम से रिपोर्ट उपलब्ध होने से मरीजों के समय की बचत के साथ जांच व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी बनाया गया है।
समय पर जांच, शीघ्र उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि अटल आरोग्य लैब का उद्देश्य आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराना तथा बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को उपलब्ध सुविधाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा मरीजों को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर श्री जीवर्धन चौहान, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, संचालक स्वास्थ्य तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंध निदेशक श्री संजीव झा एवं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं जिला चिकित्सालय का स्टाफ उपस्थित थे।