आईटीआई खरसिया में प्रवेश के लिए सप्तम चरण की काउंसिलिंग शुरू

रायगढ़, 15 अगस्त 2026/sns/- संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण, नवा रायपुर द्वारा आईटीआई में प्रवेश सत्र 2026-27 एवं 2026-28 के लिए सप्तम चरण की काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। जारी काउंसिलिंग कार्यक्रम के अनुसार शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) खरसिया, जिला रायगढ़ में विभिन्न व्यवसायों की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
           आईटीआई खरसिया में फिटर, सेविंग टेक्नोलॉजी, वेल्डर एवं कोपा व्यवसायों में उपलब्ध रिक्त सीटों के लिए इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थी 18 अगस्त की रात्रि 11.59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। अभ्यर्थी विभागीय  www.cgiti.admissions.nic.in  पोर्टल पर जाकर स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी च्वाइस सेंटर के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। प्रवेश प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित काउंसिलिंग कार्यचरण के अनुसार संपन्न की जाएगी। प्रवेश से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता अथवा जानकारी के लिए अभ्यर्थी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था खरसिया में कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से भी मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।

About The Author