नमो ड्रोन दीदी आरती साहू: ड्रोन से साकार हुआ आत्मनिर्भरता का सपना

बलौदाबाजार,17 अगस्त 2026/sns/-विकासखंड सिमगा के ग्राम रानीजरौद की आरती साहू आज नमो ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। पिछले दो वर्षों से आरती ड्रोन के जरिए किसानों के खेतों में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी का छिड़काव कर रही हैं। प्रति एकड़ 300 रुपये की दर से सेवा देकर वह न केवल किसानों का समय और मेहनत बचा रही हैं, बल्कि खुद भी आर्थिक रूप से सशक्त होकर लखपति दीदी बनने की राह पर आगे बढ़ रही हैं। आरती साहू बताती हैं कि पिछले वर्ष उन्होंने करीब 1154 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से नैनो उर्वरकों का छिड़काव किया, जिससे उन्हें लगभग साढ़े तीन लाख रुपये की आमदनी हुई। उनके लिए ड्रोन अब सिर्फ खेती में आधुनिक तकनीक का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आर्थिक मजबूती का माध्यम बन गया है। तकनीक से जुड़कर आरती ने यह साबित किया है कि अवसर और सही मार्गदर्शन मिले तो गांव की महिलाएं भी नई तकनीक को अपनाकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं। आरती साहू प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि नमो ड्रोन दीदी योजना ने महिलाओं को आत्मनिर्भर होकर आगे बढ़ने का अवसर दिया है। आज वह ड्रोन के माध्यम से खेतों में उर्वरकों का छिड़काव कर अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं और आत्मविश्वास के साथ अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं। आरती की यह कहानी ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा है कि आधुनिक तकनीक को अपनाकर वे भी रोजगार के नए अवसरों से जुड़ सकती हैं और आत्मनिर्भरता की नई उड़ान भर सकती हैं।

About The Author