प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग 16 से 20 अगस्त तक
मोहला, 17 अगस्त 2026/sns/- मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत छत्तीसगढ़ में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग आयोजित की जा रही है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विभागीय वेबसाइट पर द्वितीय काउंसलिंग के लिए चयनित छात्र-छात्राओं की सूची एवं काउंसलिंग की तिथियां प्रदर्शित की गई हैं।
द्वितीय काउंसलिंग 16 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक आयोजित होगी। काउंसलिंग का आयोजन सूची में दर्शाए गए आबंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। संबंधित छात्र-छात्राओं को निर्धारित तिथि पर काउंसलिंग स्थल में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
– ये दस्तावेज लाना जरूरी
काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। इनमें कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी यानी 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक वाली अंकसूची, प्रधानपाठक/प्राचार्य द्वारा जारी कक्षा 8वीं में अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण-पत्र, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण-पत्र तथा जाति प्रमाण-पत्र शामिल हैं। अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को 10 रुपए के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर नोटरी द्वारा सत्यापित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को संबंधित प्रमाण-पत्र भी लाना अनिवार्य है।
विशेष श्रेणी से चयनित विद्यार्थियों को अपनी श्रेणी से संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसमें दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ बच्चे, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा देश की रक्षा या कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक अथवा सशस्त्र बल के जवानों के बच्चों से संबंधित प्रमाण-पत्र शामिल हैं।
– प्रवेश के बाद ये दस्तावेज भी करना होगा जमा
काउंसलिंग के बाद संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों को दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण-पत्र तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। पालक एवं विद्यार्थी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/पर काउंसलिंग सूची एवं निर्धारित तिथि की जानकारी देख सकते हैं।