शिशु संरक्षण माह का जिला स्तरीय शुभारंभ 18 अगस्त को

रायगढ़, 17 अगस्त 2026/sns/- शिशुओं एवं छोटे बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं रोगों से बचाव के उद्देश्य से जिले में शिशु संरक्षण माह का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ 18 अगस्त को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोदीनगर के प्रांगण में किया जाएगा। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार अभियान के दौरान जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न टीकाकरण सत्रों के माध्यम से बच्चों एवं गर्भवती माताओं को आवश्यक स्वास्थ्य एवं टीकाकरण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनिल कुमार जगत ने बताया कि शिशु संरक्षण माह के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान अंतर्गत 6 माह से 5 वर्ष तक के 1,19,465 बच्चों को आयरन सिरप तथा 9 माह से 5 वर्ष तक के 1,12,828 बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाई जाएगी। साथ ही निर्धारित टीकाकरण सत्रों में पात्र बच्चों एवं गर्भवती माताओं का टीकाकरण भी किया जाएगा।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.बी.पी. पटेल ने बताया कि बच्चों को प्रत्येक छह माह में नियमित रूप से विटामिन-ए की खुराक देने से विटामिन-ए की कमी से होने वाली समस्याओं से बचाव में मदद मिलती है। इससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने और उनके स्वस्थ विकास में सहायता मिलती है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि 18 से 24 सितम्बर 2026 तक आयोजित शिशु संरक्षण माह के सत्रों में पात्र बच्चों एवं गर्भवती माताओं को निर्धारित स्वास्थ्य एवं टीकाकरण सेवाओं का लाभ अवश्य दिलाएं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

About The Author