पीवीटीजी परिवारों की स्वास्थ्य जांच के लिए एक माह तक चलाए विशेष अभियानःकुणाल दुदावत
कोरबा, 18 अगस्त 2026/sns/- श्री कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने टीएल सहित विभिन्न महत्वपूर्ण लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पीवीटीजी परिवारों की स्वास्थ्य जांच के लिए चलेगा विशेष अभियान
कलेक्टर श्री दुदावत ने स्वास्थय विभाग को निर्देशित किया कि विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों वाले ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं सचिव से समन्वय कर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में पीवीटीजी परिवारों की स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक उपचार एवं स्वास्थय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को इसके लिए विस्तृत कैलेंडर तैयार कर अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पीवीटीजी परिवारों की स्वास्थ्य जांच के लिए एक माह तक विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी परिवार स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।
कलेक्टर ने जिले के सभी छात्रावासों, आश्रमों एवं आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की भी नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरबीएसके कार्यक्रम में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) एवं ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।