जनदर्शन के आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सर्वाेच्च प्राथमिकता कलेक्टर
मुंगेली, 18 अगस्त 2026/sns/- आमजनों की समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निराकरण को लेकर जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और गंभीरता जनदर्शन में स्पष्ट दिखाई दी। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही करते हुए प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में ग्राम झाफल निवासी श्री रामसेवक राजपूत ने अपने आवासीय मकान के ऊपर से गुजर रही 35 केवी विद्युत लाइन एवं पोल को हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आवेदन पिछले छह माह से लंबित है। प्रकरण में अनावश्यक विलंब पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए विद्युत विभाग के ईई श्री नंदकुमार सोनी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजनों से जुड़े मामलों का समय पर निराकरण करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर केवल औपचारिक कार्यवाही न हो, बल्कि प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार ठोस एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और आवेदकों को उनके प्रकरण में हुई कार्यवाही से अवगत कराने पर भी जोर दिया। जनदर्शन में ग्राम नथेलापारा की श्रीमती किरण खांडेकर ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण, ग्राम धरमपुरा के श्री जुड़ावन कश्यप ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा ग्राम किंगरियापारा के श्री ईश्वर अंचल ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम नवागांव चीनू की श्रीमती सावित्री ने आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधार कराने की मांग रखी। इसी प्रकार ग्राम लगरा के श्री राजेंद्र घृतलहरे ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा मुंगेली के रामगोपाल तिवारी वार्ड निवासी श्री संतोष पाठक ने भूमि सीमांकन कराने संबंधी आवेदन सौंपा। अन्य आवेदकों ने भी अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया।
कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी. एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।