निकासी द्वार से प्रवेश कर रहे श्रद्धालुओं को ही रोका गया
कवर्धा, 19 अगस्त 2026/sns/- भोरमदेव मंदिर में कुछ कांवड़ियों को प्रवेश से रोके जाने के संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बोड़ला श्री आशुतोष शर्मा और एसडीओपी बोड़ला श्री अखिलेश कौशिक ने बताया कि सोमवार 17 अगस्त 2026 की सुबह करीब 6 बजे मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में कांवड़िए एवं श्रद्धालु मौजूद थे। कुछ कांवड़ियों द्वारा निकास द्वार से मंदिर में प्रवेश करने का प्रयास किया जा रहा था। उस समय मंदिर के गर्भगृह एवं मंडप में पहले से ही करीब 60 से 70 श्रद्धालु मौजूद थे, जिनमें अधिकांश कांवड़िए ही थे। ऐसे में निकास द्वार से एक साथ प्रवेश होने पर भीड़ बढ़ने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका थी। इसी को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन एवं पुलिस कर्मचारियों ने निकास द्वार से प्रवेश कर रहे कांवड़ियों को रोका और उन्हें निर्धारित प्रवेश द्वार से आने के लिए समझाइश दी। उन्होंने आगे बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भोरमदेव मंदिर में तीन द्वार निर्धारित किए गए हैं। पूर्व एवं उत्तर दिशा के द्वार प्रवेश के लिए तथा दक्षिण दिशा के द्वार को निकास के लिए निर्धारित किया गया है।
कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता