रक्षाबंधन पर्व को लेकर खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान

सुकमा, 19 अगस्त 2026/sns/- रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा ‘खाबो, बने रहीबो’ अभियान के तहत जिलेभर के मिष्ठान्न भंडारों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में शुरू हुए सात दिवसीय विशेष अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता एवं मिलावट की स्थिति की जांच की जा रही है।
अभिहित अधिकारी श्री अजय सिंह ने मिष्ठान्न विक्रेताओं को मिठाइयों के निर्माण की तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि दूध से निर्मित मिठाइयों की गुणवत्ता बनाए रखने और उन्हें निर्धारित अवधि में ही उपयोग करने पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। जांच के दौरान प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
रक्षाबंधन पर्व पर नागरिकों को सुरक्षित और शुद्ध मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग का जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग द्वारा मिलावट की रोकथाम के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति व्यापारियों को जागरूक भी किया जा रहा है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही मिठाइयां खरीदें और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं ताजगी पर विशेष ध्यान दें, ताकि पर्व का उत्सव सुरक्षित और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।

About The Author