“सशक्त आंगनवाड़ी अभियान“ के तहत क्षमता संवर्धन की नई पहल
सुकमा, 19 अगस्त 2026/sns/- जिले में बच्चों के बेहतर भविष्य और आंगनबाड़ी एवं विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाई देने की दिशा में जिला प्रशासन सुकमा द्वारा लगातार प्रभावी पहल की जा रही है। इसी कड़ी में सशक्त आंगनवाड़ी अभियान के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं शिक्षकों के क्षमता संवर्धन के लिए आयोजित एक्सपोजर विजिट दल को कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अमित कुमार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकुंद ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) के लिए रवाना किया।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य उत्कृष्ट आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं विद्यालयों में संचालित नवाचारों, बाल-अनुकूल शिक्षण पद्धतियों तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा की प्रभावी व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अध्ययन करना है। उन्होंने प्रतिभागियों से भ्रमण के दौरान प्राप्त अनुभवों और नवाचारों को सुकमा जिले में व्यवहारिक रूप से लागू करने का आह्वान किया, ताकि बच्चों को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुकूल सीखने का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर ने कहा कि यह एक्सपोजर विजिट आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं शिक्षकों के ज्ञान, कौशल और कार्यक्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दल द्वारा विशाखापट्टनम जिले के मॉडल आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं उत्कृष्ट संस्थानों का भ्रमण कर पोषण सेवाओं, बाल-अनुकूल गतिविधियों, नवाचारों और सामुदायिक सहभागिता के सफल मॉडलों का अध्ययन किया जाएगा। इन अनुभवों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अपनाकर जिले में सेवा प्रदायगी को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
जिला प्रशासन की यह पहल ‘सीखें, देखें और सुकमा में लागू करें’ की सोच के साथ बच्चों के समग्र विकास को केंद्र में रखती है। भ्रमण से प्राप्त श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को जिले के आंगनवाड़ी केन्द्रों और विद्यालयों में लागू कर प्रारंभिक शिक्षा एवं पोषण सेवाओं को और सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री रितीश टंडन सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।