कलेक्टर ने आदिवासी बुनकर सहकारी समिति बुचाटोला का किया निरीक्षण

राजनांदगांव, 20 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुचाटोला के आदिवासी बुनकर सहकारी समिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति में कार्यरत बुनकरों से बातचीत कर उनके कार्य, कार्य के घंटे, आमदनी तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान समिति में कार्यरत श्रीमती अनीता ने कलेक्टर को बताया कि कार्यस्थल पर पंखे की आवश्यकता है तथा भवन परिसर में फेंसिंग की भी जरूरत है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को भवन की तत्काल साफ-सफाई कराने, आवश्यकतानुसार पंखे लगवाने तथा परिसर में फेंसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने समिति भवन में बुनकरों द्वारा तैयार किए जा रहे कंबल एवं कोट के कपड़े की कारीगरी का अवलोकन किया और उनके कार्य की सराहना की। निरीक्षण के समय समिति में लगभग 40 लोग कार्यरत थे। कलेक्टर ने कहा कि समिति के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं, जो स्थानीय आजीविका को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने बुनकरों को उनके कार्य को आगे बढ़ाने तथा आजीविका संवर्धन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को बुनकरों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं के निराकरण के लिए समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम में सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नशामुक्ति शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।

About The Author