जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वास्थ्य मंत्री के हाथों मिला प्रशस्ति

बलौदाबाजार -भाटापारा, 20 अगस्त 2026/sns/- आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन अंतर्गत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी रूप से लागू करने तथा स्वास्थ्य संबंधी डिजिटल रिकॉर्ड के बेहतर प्रबंधन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार को राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली संस्था के रूप में प्रशस्ति पत्र लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदान किया। यह सम्मान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, स्टेट मॉडल डिस्ट्रिक्ट, फैसिलिटीज, राज्य स्तरीय उद्घाटन कार्यशाला मे प्रदान किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संजीव कुमार झा तथा संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण भारत सरकार विक्रम पगारिया उपस्थित रहे। कार्यशाला का आयोजन 19 अगस्त 2026 को रायपुर में किया गया जिसमें राज्य स्तर पर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के क्रियान्वयन एवं डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर चर्चा की गई। जिला चिकित्सालय बलौदा बाजार द्वारा एबीडीएम एवं हेल्थ रिकार्ड लिंकेज के क्षेत्र में किए गए प्रभावी कार्य को राज्य स्तर पर सराहा गया। अस्पताल में डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने, स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल माध्यम से लिंक करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि हासिल हुई है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने इस उपलब्धि पर जिला चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य टीम को बधाई देते हुए कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से मरीज-केंद्रित, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत करने में सहायता मिलेगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश अवस्थी ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण डिजिटल स्वास्थ्य पहल है, जिसका उद्देश्य देश में एक मजबूत, सुरक्षित और आपस में जुड़े हुए डिजिटल स्वास्थ्य तंत्र का निर्माण करना है। इसके माध्यम से मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से व्यवस्थित करने, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाने तथा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के बीच स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के बेहतर आदान-प्रदान की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट के माध्यम से नागरिकों को एक डिजिटल स्वास्थ्य पहचान उपलब्ध होती है। इससे मरीज अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से व्यवस्थित एवं आवश्यकता के अनुसार साझा कर सकते हैं। साथ ही, डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड के माध्यम से मरीज की पूर्व स्वास्थ्य जानकारी चिकित्सकों तक उपलब्ध होने से उपचार एवं फॉलोअप को अधिक सुविधाजनक बनाने में सहायता मिलती है।

About The Author