गांव में ही मिलेगी बैंकिंग सुविधा

सुकमा, 21 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग को मजबूत करने और किसानों सहित आम ग्रामीणों को सहज वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। शुक्रवार को जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने जिले के 39 अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम का वितरण किया। इस पहल से अब ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी।
माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध होने से ग्राम पंचायत स्तर पर ही किसानों को धान बिक्री की राशि सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से प्राप्त होने वाली राशि की नगद निकासी की सुविधा मिल सकेगी। किसान और ग्रामीण अपने गांव के अटल डिजिटल सुविधा केंद्र पर एटीएम कार्ड के माध्यम से आसानी से पैसे निकाल सकेंगे। इससे समय और आवागमन के खर्च की बचत होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी।
विशेष रूप से उन हितग्राहियों के लिए भी यह सुविधा उपयोगी साबित होगी, जिनका आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम सक्रिय नहीं है। ऐसे हितग्राही भी माइक्रो एटीएम के माध्यम से आवश्यक राशि निकाल सकेंगे। जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीणों को डिजिटल और वित्तीय रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुगमता से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यशाला में डीडीपी पंचायत श्री शंकर बघेल, सीएससी राज्य कार्यालय रायपुर के सीनियर मैनेजर श्री नीरज हरदेव तथा सीएससी जिला प्रबंधक श्री शेख शाहरुख विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यशाला में माइक्रो एटीएम के संचालन एवं ग्रामीणों को बेहतर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। जिला प्रशासन की इस पहल से सुकमा के गांवों में डिजिटल बैंकिंग का विस्तार होने के साथ ग्रामीणों को ‘बैंक आपके गांव में’ की तर्ज पर सुविधाजनक और सुलभ वित्तीय सेवाएं उपलब्ध होंगी।

About The Author