विश्व साक्षरता दिवस पर विशेष विधिक जागरूकता एवं साक्षरता अभियान का आयोजन
बलौदाबाजार, 8 सितम्बर 2026/sns/- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर के निर्देशानुसार एवं
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक पाण्डेय के मार्गदर्शन मे मंगलवार को विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर एक विशेष विधिक जागरूकता एवं साक्षरता अभियान का आयोजन पैरा लीगल वालांटियर के द्वारा किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समस्त पैरालीगल वालंटियर्स द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, सरकारी स्कूलों तथा सार्वजनिक स्थानों पर जाकर आम नागरिकों और छात्र-छात्राओं को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान पैरालीगल वॉलिंटियर्स सदस्यों ने शिक्षा के अधिकार तथा शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न शैक्षणिक कल्याणकारी योजना की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही समाज में साक्षरता के स्तर को बढ़ावा देने और कानूनी अधिकारों की बुनियादी समझ विकसित करने के उद्देश्य से लोगों को प्रेरित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक पाण्डेय ने साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा की अलख जगाना है, क्योंकि साक्षरता केवल अक्षरों का ज्ञान नहीं, बल्कि मानव विकास, गरिमा और अधिकारों की पहचान का सशक्त माध्यम है। शिक्षा के बिना एक सभ्य और न्यायप्रिय समाज की कल्पना अधूरी है।