रेडक्रॉस सोसायटी कबीरधाम की बैठक संपन्न

कवर्धा, 09 सितंबर 2026/sns/-कलेक्टर एवं अध्यक्ष भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी श्रीमती तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस कबीरधाम के प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में ने जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, युवाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, रक्तदान एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. डी.के. तुर्रे ने निर्धारित एजेंडा के अनुसार चर्चा करते हुए वर्षभर संचालित की जाने वाली गतिविधियों की वार्षिक कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विशेष दिवसों पर जनजागरूकता कार्यक्रम, प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, स्वैच्छिक रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित करना तथा नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करना कार्ययोजना का प्रमुख हिस्सा है। बैठक में लिए गए निर्णयों से जिले में सामाजिक सरोकार, स्वास्थ्य जागरूकता, स्वैच्छिक रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, आपदा राहत एवं युवा सहभागिता की गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी। रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा वर्षभर संचालित की जाने वाली गतिविधियों के माध्यम से जनहित एवं सेवा कार्यों को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रेडक्रॉस सोसायटी के गठन के निर्देश

बैठक में जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस के विद्यार्थियों तथा काउंसलरों के लिए निर्धारित रेडक्रॉस यूनिफॉर्म सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। यूनिफॉर्म के लिए निर्धारित अंशदान राशि इस माह के अंत तक जमा कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रेडक्रॉस सोसायटी का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए जिले में प्रतिमाह विभागवार रक्तदान शिविर आयोजित करने हेतु कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि वर्षभर नियमित रूप से रक्तदान गतिविधियों का संचालन किया जा सके।

12 सितंबर को व्यापक वृक्षारोपण अभियान एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण

पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सहभागिता के अंतर्गत 12 सितंबर को व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही जूनियर एवं यूथ रेडक्रॉस के विद्यार्थियों, वाहन चालकों तथा आम नागरिकों के लिए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षित करने पर जोर दिया गया।

नेपाल बाढ़ राहत के लिए सहयोग जुटाने 10 टीमें गठित

आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों के अंतर्गत नेपाल बाढ़ राहत के लिए सहयोग जुटाने हेतु जिले में 10 टीमों का गठन किया जाएगा। ये टीमें विकासखंड एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में व्यापारियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर वित्तीय सहयोग प्राप्त करेंगी। बैठक में जिले से अधिक से अधिक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों की रूपरेखा तैयार की गई।

प्रतिमाह रेडक्रॉस गतिविधियों का संचालन एवं प्रतिवेदन

जिला रेडक्रॉस अधिकारी श्री बालाराम साहू ने वार्षिक कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों का प्रतिमाह सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक कार्यक्रम के आयोजन के बाद संबंधित गतिविधि का प्रतिवेदन एवं फोटोग्राफ जिला स्तर पर भेजने के लिए सभी प्रभारियों को प्रेरित किया गया।

सड़क सुरक्षा एवं रक्तदान गतिविधियों पर विशेष जोर

बैठक में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए सड़क सुरक्षा मित्र के गठन पर भी चर्चा की गई। साथ ही जिले में नियमित रक्तदान शिविरों के आयोजन और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. डी.के. तुर्रे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा, जिला रेडक्रॉस अधिकारी श्री बालाराम साहू, श्रीमती के.एस. परिहार प्राचार्य महाविद्यालय सहसपुर लोहारा, श्री कृष्णा बंजोर पीजी कॉलेज कवर्धा, श्री सनत देवांगन महाविद्यालय बोड़ला, श्री बी.आर. घृतलहरे महाविद्यालय पंडरिया, श्री हर्षित पटेल कुई-कुकदूर महाविद्यालय, श्री जे.आर. साहू कुण्डा, श्री राजा झारिया, श्री शीतल साहू गर्ल्स कॉलेज कवर्धा, श्री डी.पी. चंद्रवंशी पांडातराई सहित जूनियर रेडक्रॉस के श्री ओमप्रकाश दिवाकर, श्री कीर्तन शुक्ला, श्री मनहरण साहू, श्री अमित कुमार शर्मा, श्री जोधन प्रसाद, श्री बी.आर. घृतलहरे, श्री एच.एल. भास्कर, श्री ललित जंघेल, श्री संजू मिश्रा, श्री अतुल चैबे, श्री शशांक शेखर, श्री जितेन्द्र चंद्रवंशी, श्री ए.ए. खान, श्री नंदराम यादव, श्री कौशल राम, श्री बिसेन सिंह, श्री डिगेश्वर पांडे, श्री विष्णु भारती, श्री रोहित कुमार धुर्वे, श्री विजय साहू, श्री नरेश कुमार, श्री गीता ईका, श्रीमती मोनिका बांगडे, श्रीमती सविता नेताम, श्रीमती रीना पंडित, श्री रवेन्द्र सिंह, श्रीमती विभा तिवारी, श्रीमती प्रगति श्रीवास्तव सहित जिले के सभी संबंधित प्रभारी उपस्थित रहे।

About The Author