चक्रधर समारोह में 19 सितंबर को होगी काव्य संध्या
रायगढ़, 9 सितम्बर 2026/sns/- महाराजा चक्रधर सिंह की कला-साधना और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित 41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह-2026 का भव्य आयोजन 14 से 23 सितम्बर तक रामलीला मैदान, रायगढ़ में होगा। स्थानीय प्रतिभाओं से लेकर देश-प्रदेश के सुप्रसिद्ध और नामचीन कलाकारों से सजे इस सांस्कृतिक महाकुंभ में दस दिनों तक सुर, ताल और नृत्य की अनूठी महफिल सजेगी। इसी क्रम में 19 सितंबर को रात्रि 9 बजे से काव्य संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के ख्यातिप्राप्त कवि हास्य-व्यंग्य, वीर रस और गीतों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
काव्य संध्या में पद्मश्री सम्मानित श्री सुरेंद्र शर्मा (दिल्ली) हास्य रस से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। डॉ. प्रवीण शुक्ला (दिल्ली) हास्य-व्यंग्य, श्रीमती कविता तिवारी (लखनऊ) वीर रस, श्रीमती शशि सुरेंद्र दुबे (रायपुर) हास्य काव्य, श्री दिनेश दिग्गज (उज्जैन) हास्य काव्य, श्री अमन अक्षर (इंदौर) गीत तथा श्री किशोर तिवारी (भिलाई) अखिल भारतीय गीतों की प्रस्तुति देंगे। काव्य और साहित्य से सजी यह शाम समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी।