सेवा संकल्प अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु समीक्षा बैठक संपन्न

सुकमा, 09 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में “सेवा संकल्प अभियान“ (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के आयोजन एवं सफल क्रियान्वयन के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर, डीएफओ श्री अक्षय भोंसले, जिला शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना, “विकसित भारत 2047“ का सामूहिक संकल्प लेना और केंद्र व राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक व परिवार तक पहुंचाना सुनिश्चित करना है।
   बैठक के दौरान कलेक्टर ने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में अभियान के सुचारू संचालन एवं अंतरविभागीय समन्वय हेतु जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर को नोडल अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मण्डावी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करने की जानकारी दी। साथ ही कार्यक्रम की रूपरेखा और मॉनिटरिंग के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति का गठन किया गया है, जिसमें पुलिस अधीक्षक, वनमण्डलाधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, सीएमएचओ और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित प्रमुख विभागीय प्रमुखों को सदस्य बनाया गया है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने निर्देशित किया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस माहव्यापी अभियान में निर्धारित सभी गतिविधियों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके तहत 17 सितंबर की संध्या प्रत्येक घर में “आशीर्वाद का दीया“ प्रज्वलन, शालाओं में “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत“ प्रतियोगिताएं, प्रमुख स्थलों पर “नमो सेवा गाथा“ नुक्कड़ नाटक, आंगनबाड़ी स्तर पर मातृ संवाद, “सेवा सेतु“ शिविर और “सेवा मेरा योगदान“ के तहत नदी-घाटों की स्वच्छता जैसी विभिन्न गतिविधियां पूरी सक्रियता से आयोजित की जाएंगी।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को मैदानी स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, शैक्षणिक संस्थाओं और युवाओं को जोड़ते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनसंपर्क विभाग के माध्यम से अभियानों और योजनाओं का सघन प्रचार-प्रसार कराने पर विशेष बल दिया।

About The Author