कीटनाशक विक्रय केन्द्रों की हुई सघन जांच

मुंगेली, 09 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार खरीफ मौसम 2026 में किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त कृषि आदान एवं कीटनाशक उचित दर पर आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में कृषि एवं कीटनाशी विक्रय केन्द्रों की सघन निगरानी एवं आकस्मिक निरीक्षण लगातार जारी है। इसी क्रम में मुंगेली एवं पथरिया विकासखंड में संचालित विभिन्न कृषि एवं कीटनाशक विक्रय केन्द्रों में निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 06 कृषि केन्द्रों पर तत्काल विक्रय प्रतिबंध की कार्रवाई की गई। वहीं 02 कृषि केन्द्रों के लाइसेंस निरस्तीकरण की अनुशंसा की गई तथा एक कृषि केन्द्र के लाइसेंस निलंबन हेतु कार्रवाई की गई।
उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मेसर्स शिव कृषि केन्द्र देवगांव, श्रीराम कृषि केन्द्र बोधापारा एवं वीरेन्द्र कृषि केन्द्र बोड़तराकला में अनियमितताएं पाए जाने पर तत्काल विक्रय प्रतिबंध लगाया गया। इसी प्रकार ग्राम बोड़तराकला में संचालित कुंदन कृषि केन्द्र एवं विक्की कृषि केन्द्र निर्धारित स्थल पर संचालित नहीं पाए गए। प्रकरण में दोनों कृषि केन्द्रों के अनुज्ञप्ति निरस्तीकरण की अनुशंसा की गई है। शिव बीज भण्डार गोड़खाम्ही के निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी कीटनाशक का भण्डारण पाया गया। मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अनुज्ञा निलंबन हेतु अनुशंसा भेजी गई है।
उन्होंने बताया कि विकासखंड पथरिया अंतर्गत सवि कृषि केन्द्र हथनीकला, दुर्गा कृषि केन्द्र जुनवानी, मयंक कृषि केन्द्र पड़ियाईन एवं अजय कृषि केन्द्र पथरिया का भी निरीक्षण किया गया। इनमें अनियमितता पाए जाने पर सवि कृषि केन्द्र, दुर्गा कृषि केन्द्र एवं मयंक कृषि केन्द्र पर तत्काल विक्रय प्रतिबंध की कार्रवाई की गई, जबकि अजय कृषि केन्द्र पथरिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण दल में अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री सुभाष सोनी, जिला कीटनाशी निरीक्षक श्री मनहरण कुर्रे, श्री राजेश कुमार साहू, श्री संजय कुमार सोनवानी, श्री हेमंत लाहौर, श्री विनोद कुमार साहू, श्री अनिल कुमार पटेल, कीटनाशी निरीक्षक श्री योगेश दुबे एवं कृषि विकास अधिकारी श्री धरम कुजूर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author