मितानिनों की सक्रिय भागीदारी से मजबूत होगी ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्थाः कलेक्टर श्री अमित कुमार
सुकमा, 10 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार ने बुधवार को मितानिन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक लेकर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति और कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिला एवं ब्लॉक समन्वयक, मितानिन प्रशिक्षक तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने जिले में मितानिन के 132 रिक्त पदों की पूर्ति के लिए लंबित प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने तथा जगरगुंडा और चिंतनार क्षेत्र में प्रस्तावित नए पदों के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने एएनसी पंजीयन और संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी मितानिनों को 10 सितंबर को संबंधित उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की जानकारी एएनएम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। होम डिलीवरी के प्रत्येक प्रकरण की कारण सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने और 102 एम्बुलेंस सेवा का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। वहीं जिले में बढ़ते मलेरिया संक्रमण को गंभीरता से लेते हुए बुखार के प्रत्येक मामले की तत्काल जांच, पूर्ण उपचार, आवश्यकतानुसार अस्पताल रेफर करने तथा दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए आगामी शनिवार को कोंटा सेक्टर में आयोजित शिविर के लिए मितानिनों को घर-घर जाकर हितग्राहियों को मोबिलाइज करने के निर्देश दिए। साथ ही जननी सुरक्षा योजना के लंबित भुगतान प्रकरणों का शीघ्र निराकरण और निष्क्रिय पुरानी निधियों को नियमानुसार समर्पित करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि मितानिन स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए सभी मैदानी कार्यों में सक्रिय भागीदारी, बेहतर समन्वय और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाया जाए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक गीतू हरित, बीएमओ कोंटा डॉ. दीपेश चंद्राकर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।