संभागायुक्त श्री दुग्गा ने केशवपुर में डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का लिया जायजा
अम्बिकापुर, 11 सितम्बर 2026/sns/- सरगुजा संभाग के संभागायुक्त श्री नरेंद्र कुमार दुग्गा ने सूरजपुर जिले के दौरे के दौरान सूरजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम केशवपुर में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं खेतों में पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे की तकनीकी प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा दर्ज की जा रही फसल संबंधी जानकारी की मौके पर जांच की।
संभागायुक्त श्री दुग्गा ने खेत में धान की फसल के सर्वे कार्य का बारीकी से जायजा लेते हुए सर्वे प्रक्रिया में अपनाई जा रही तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद सर्वेयर से सर्वे की प्रक्रिया एवं फसल संबंधी प्रविष्टियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य शासन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
उन्होंने डीसीएएस सर्वे कार्य में संलग्न अमले को निर्देशित करते हुए कहा कि फसल एवं रकबे से संबंधित प्रविष्टियां पूरी सावधानी, शुद्धता एवं पारदर्शिता एवं त्रुटिरहित दर्ज करें। संभागायुक्त ने राजस्व के मैदानी अमले को सर्वे कार्य से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त सरगुजा श्री आर.के. खूंटे एवं उपायुक्त श्रीमती शारदा अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती शिवानी जायसवाल, तहसीलदार सहित राजस्व अमला मौजूद रहें।