केकटीटोला में स्वच्छता जागरूकता अभियान, ग्रामीणों ने लिया स्वच्छ ग्राम का संकल्प

मोहला, 11 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम के निर्देश एवं सीईओ जिला पंचायत श्री उज्वल पोरवाल के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत केकटीटोला में स्वच्छता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में ग्राम पंचायत के सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य, ग्राम प्रमुख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान के तहत ग्राम में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व तथा गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता शपथ लेकर ग्राम को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने का संकल्प लिया। अभियान के दौरान ग्राम में कचरा डंपिंग स्थल का चयन कर वहां साफ-सफाई की गई। साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। स्वच्छता दीदियों द्वारा कचरा संग्रहण शेड के समीप भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर आसपास के दुकानदारों से अपील की गई कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें और अपने प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को स्वच्छता दीदियों को ही सौंपें, ताकि कचरे का नियमित एवं उचित संग्रहण तथा प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से स्वच्छता जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनने तथा सामूहिक सहभागिता से स्वच्छ एवं सुंदर ग्राम के निर्माण का संदेश दिया गया।

About The Author