अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूप सिंह मंडावी ने किया विभिन्न संस्थाओं का औचक निरीक्षण
बीजापुर, 16 सितम्बर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूप सिंह मंडावी ने बीजापुर प्रवास के दौरान जिले में संचालित विभिन्न संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नक्सल पुनर्वास केंद्र, कन्या शिक्षा परिसर सहित विभिन्न संस्थानों का अवलोकन कर वहां की व्यवस्थाओं, गतिविधियों एवं हितग्राहियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं, छात्राओं एवं जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
पुनर्वासित युवाओं से मुलाकात, कौशल प्रशिक्षण का किया अवलोकनश्री मंडावी ने नक्सल पुनर्वास केंद्र पहुंचकर पुनर्वासित युवाओं से मुलाकात की और उनके हाल-चाल एवं दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने पुनर्वासित युवाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा उनके पुनर्वास की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी ली।
उन्होंने केंद्र में युवाओं के लिए संचालित विभिन्न कौशल प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा पूरे मनोयोग और तन्मयता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
श्री मंडावी ने पुनर्वासित युवाओं को मुख्यधारा से जुड़कर समाज और जिले के विकास में सहभागी बनने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ें तथा अपने परिवार और समाज के लिए रचनात्मक योगदान दें। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए भी प्रेरित किया।
कन्या शिक्षा परिसर में छात्राओं से संवादआयोग अध्यक्ष श्री मंडावी ने कन्या शिक्षा परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, आवास सहित परिसर में उपलब्ध अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजापुर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। जिले में शिक्षा का स्तर बेहतर हो रहा है और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले के नक्सल प्रभाव से बाहर आने के बाद विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं और शिक्षा, कौशल विकास तथा अन्य क्षेत्रों में प्रगति के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो रहा है।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों से की सौजन्य मुलाकात
श्री मंडावी ने सर्किट हाउस में जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों से भी सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों से उनकी खेल गतिविधियों, उपलब्धियों, शिक्षा तथा उन्हें मिल रही शासकीय सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों से उनकी आवश्यकताओं और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के प्रयासों पर भी चर्चा की।
उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ अपने खेल कौशल को निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बीजापुर के युवा खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को बड़े मंच तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की शुभकामनाएं दीं।
आयोग अध्यक्ष के निरीक्षण के दौरान अनुसूचित जनजाति आयोग के सचिव श्री पवन कुमार नेताम,एसडीएम बीजापुर श्री जागेश्वर कौशल सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री देवेन्द्र सिंह पटले सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे।