सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत 28 यूनिट रक्तदान कर नागरिकों ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
मुंगेली, 18 सितंबर 2026/sns/- जिले में 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हुए स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसायटी मुंगेली के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 28 यूनिट रक्तदान किया और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना, विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लेना, केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना तथा प्रत्येक परिवार की सहभागिता के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। इसी भावना के अनुरूप आयोजित रक्तदान शिविर में नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। 28 यूनिट रक्तदान के साथ मुंगेली में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत ने जनभागीदारी और मानव सेवा की भावना को नई मजबूती दी।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार आयोजित शिविर का नोडल अधिकारी सेवा संकल्प अभियान एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, सहायक नोडल अधिकारी एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी मुंगेली श्री अजय शतरंज, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन में आयोजन किया गया। शिविर का अवलोकन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय, भारत सरकार श्री तोखन साहू, मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, पूर्व सांसद बिलासपुर लोकसभा श्री लखन लाल साहू, जिलाध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी, श्री ज्योतिनंद दुबे एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। उन्होंने रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान देने वाले रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
शिविर में नागरिकों द्वारा स्वेच्छा से किए गए रक्तदान ने यह संदेश दिया कि समाज की छोटी-सी पहल भी किसी जरूरतमंद के लिए महत्वपूर्ण सहायता बन सकती है। रक्तदान के माध्यम से नागरिकों ने सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए मानव सेवा और सामाजिक दायित्व का परिचय दिया। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में डॉ. के.एस. कंवर, पैथोलॉजिस्ट, डॉ. किरण सिंह, पैथोलॉजिस्ट, जिला अस्पताल प्रबंधक श्रीमती सुरभि केशरवानी, श्री मुकेश कुमार गौतम एमएलटी, श्री राजबिहारी एमएलटी, श्री कमलेश्वर स्टाफ नर्स, श्री सुनील राजपूत एमएलटी, श्री निगम मानिकपुरी वाहन चालक तथा श्री सौरभ लैब अटेंडर ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।