सेवा और सुशासन की पहल से खत्म हुई टपकती छत की चिंता, हरीप्रसाद को मिला अपने सपनों का पक्का आशियाना

दुर्ग, 19 सितम्बर 2026/sns/- आमजन के जीवन को सुगम बनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने के ध्येय के साथ, देश के प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निस्वार्थ सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना को रेखांकित करता ’सेवा संकल्प अभियान’ आज जन-जन के लिए उम्मीद की नई किरण बन चुका है। इसी पहल के तहत संचालित ’प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)’ ने दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत पुरदा निवासी हरीप्रसाद साहू की ज़िंदगी की तस्वीर ही बदल दी है। बरसों से एक मजबूत और सुरक्षित छत का इंतज़ार कर रहे इस परिवार के लिए यह योजना खुशहाली का नया सवेरा लेकर आई।
 सीमित आमदनी के कारण हरीप्रसाद के लिए स्वयं के बलबूते पक्का घर बनाना असंभव था। उनका परिवार मिट्टी की दीवारों और खपरैल वाली कच्ची झोपड़ी में रहने को मजबूर था। बारिश के दिनों में छत से टपकते पानी के कारण उन्हें पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ती थी। इसी दौरान ग्राम पंचायत से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया। स्वीकृति मिलते ही मकान निर्माण की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित हो गई, जिससे उनका पक्का घर बनने का रास्ता साफ हुआ। इस सरकारी इमदाद के बल पर उन्होंने लगन के साथ अपना मजबूत, सुंदर और सुरक्षित पक्का आशियाना तैयार कर लिया।

About The Author