सुकमा में 245 स्थानों पर जले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आशीर्वाद का दिया
सुकमा, 19 सितम्बर 2026/sns/- बस्तर की धरती पर शांति, सेवा और सुरक्षा के नए संकल्प को जनभागीदारी से साकार करते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सुकमा जिले में विशेष दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत सुकमा जिले के उन गांवों और स्थानों को विशेष रूप से जोड़ा गया, जिन्होंने लंबे समय तक नक्सल हिंसा का दंश झेला है और जहां शांति एवं सुरक्षा के लिए जवानों तथा आम नागरिकों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कलेक्टर श्री अमित कुमार और एसपी श्री मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में सुकमा में कुल 245 स्थानों पर आशीर्वाद का दिया प्रज्ज्वलित किए गए।
सुकमा में बड़ी नक्सली घटनाओं से प्रभावित रहे 31 स्थानों पर दीप जलाकर शहीद जवानों और आम नागरिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इनमें ताड़मेटला, टेकलगुड़ेम, चिंतागुफा, बुरकापाल, एर्राबोर, मनीकोटा, चिंगावरम, मिनपा, कसालपाड़, तारलागुड़ा, दरभागुड़ा और टहकवाड़ा जैसे स्थान शामिल हैं। इन स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से बलिदानियों को नमन करते हुए शांति और सुरक्षा के संकल्प को दोहराया गया।
91 सुरक्षा कैंपों में जली संकल्प की ज्योति
सुकमा में स्थापित 91 सुरक्षा कैंपों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए साथ ही जिले के 19 थानों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। सुकमा जिला मुख्यालय स्थित पुनर्वास केंद्र में भी दीप प्रज्ज्वलित किया गया। वहीं जिले में 12 शहीद स्मारक एवं प्रतिमा स्थलों के समीप दीप जलाकर बस्तर की शांति और सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
32 पूर्व अति नक्सल प्रभावित गांवों में पहुंची रोशनी
‘बस्तर सेवा संकल्प अभियान’ की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सुकमा जिले के 32 ऐसे गांवों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जो पूर्व में अति नक्सल प्रभावित रहे थे। इन गांवों में दीप जलना हिंसा के दौर से बाहर निकलकर शांति, विकास और विश्वास की दिशा में आगे बढ़ते सुकमा का प्रतीक बना।