कवर्धा में ‘बिजली बिल समाधान’ अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 616 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीयन
कवर्धा/कबीरधाम, 21 सितंबर 2026/sns/- मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत कवर्धा जिले में पात्र उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिलों में राहत दिलाने एवं विभिन्न विद्युत योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से ‘सेवा सेतु शिविरों’ का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को बिजली बिल समाधान योजना, विद्युत सेवाओं, शिकायत निवारण प्रक्रिया, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना तथा मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। कबीरधाम जिलें में आयोजित सेवा सेतु शिविरों में कुल 616 उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत पंजीयन कराया। इन प्रकरणों में कुल बकाया राशि 26,72,213.22 रुपये दर्ज है, जबकि योजना के तहत 11,03,654.90 रुपये की छूट प्रदान की गई है।
गांव-गांव पहुंच रहे सेवा सेतु शिविर
कबीरधाम जिले में आयोजित सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से नवघटा, सिल्हाटी, खारा, महाराजपुर, पिपरिया, कोसमंता, मरका, सिंघनपुरी (सेमो), बरबसपुर, रामपुर, उडियाकला, रणजीतपुर, सिंघनपुरी, समनापुर, छिरहा, लखनपुर, लालपुर, मैनपुरी, बानो, गौरमाटी, बिरकोना, इंदौरी, गेगड़ा एवं मजगांव सहित विभिन्न ग्रामों के उपभोक्ताओं को योजनाओं का लाभ एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। इन शिविरों में उपभोक्ताओं को मौके पर योजना की पात्रता समझाने, पंजीयन कराने तथा बकाया राशि एवं उपलब्ध छूट की जानकारी देने के साथ उनकी विद्युत संबंधी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने की सुविधा भी दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविरों’ किया जा रहा है। इन शिविरों में घरेलू उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान तथा मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना सहित उपभोक्ता हित से जुड़ी योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
सरचार्ज में राहत और मूल बकाया में छूट
मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 के तहत पात्र उपभोक्ताओं को पुराने बकाया बिजली बिलों पर लगे सरचार्ज/अधिभार में राहत दी जा रही है। निष्क्रिय घरेलू एवं कृषि कनेक्शनों के मूल बकाया में 50 प्रतिशत तक, जबकि बीपीएल परिवारों के बंद कनेक्शनों के मूल बकाया में 75 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है। पंजीयन के समय न्यूनतम 5 प्रतिशत राशि जमा कर शेष राशि को निर्धारित आसान किस्तों में बिना अतिरिक्त अधिभार के जमा किया जा सकता है। वहीं एकमुश्त भुगतान पर मूल राशि में अतिरिक्त छूट का भी प्रावधान है।
सूर्य घर योजना और ऊर्जा राहत अभियान की भी जानकारी
कवर्धा संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री मनीष कुमार साहू ने बताया कि सेवा सेतु शिविरों में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के साथ उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण, बिजली के विवेकपूर्ण उपयोग एवं उपलब्ध ऊर्जा संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर विभिन्न विद्युत सेवाओं, योजनाओं और शिकायत निवारण संबंधी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
विद्युत समस्याओं के निराकरण पर भी विशेष ध्यान
सेवा सेतु शिविरों में बिजली बिल, मीटर, विद्युत आपूर्ति, वोल्टेज तथा अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं को भी सुना जा रहा है। उपभोक्ताओं को उनकी शिकायतों के लिए संबंधित विद्युत कार्यालय एवं निर्धारित शिकायत निवारण माध्यमों की जानकारी दी जा रही है, ताकि समस्याओं का नियमानुसार निराकरण किया जा सके।
‘मोर बिजली’ ऐप से भी मिल रही सुविधा
पात्र उपभोक्ता मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का लाभ लेने के लिए CSPDCL की आधिकारिक वेबसाइट, ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप अथवा नजदीकी विद्युत कार्यालय/सेवा सेतु शिविर में संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने निकट आयोजित सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, पात्रता के अनुसार लाभ लें और पुराने बिजली बकाया का समाधान कराएं।