उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत नव साक्षरों की आकलन परीक्षा 27 सितम्बर को

अम्बिकापुर, 21 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर सरगुजा श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा सुश्री रोमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण, रायपुर के तत्वाधान में राज्यव्यापी शिक्षार्थी आकलन महापरीक्षा अभियान का आयोजन दिनांक 27 सितम्बर 2026, दिन रविवार को प्रातः 10.00 बजे से शाम 05.00 बजे तक किया जायेगा। इस अभियान की तैयारियों को लेकर समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, एबीईओ, बीआरसी, विकासखण्ड परियोजना अधिकारी एवं साक्षरता अमला की संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सरगुजा संभाग डॉ. राजेश सिंह ने वेबीनार के माध्यम से समीक्षा की।  
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सरगुजा संभाग डॉ. राजेश सिंह, ने राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा अभियान के संबंध में समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखण्ड परियोजना अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत् सचिवालय राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के द्वारा सरगुजा जिले हेतु 4000 परीक्षार्थियों को साक्षर करने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से भी यह अपील की है कि आपके आस-पास जो भी शिक्षार्थी उल्लास साक्षरता केन्द्र के माध्यम से पढ़ना-लिखना सीख रहे हैं, उन्हें परीक्षा केन्द्रों में सम्मिलित कराने हेतु विशेष पहल कर आवश्यक सहयोग करें।  
कलेक्टर जिला सरगुजा के द्वारा जिला स्तर पर भी मॉनिटरिंग करने हेतु मॉनिटरिंग दल का गठन किया गया है। डॉ. दिनेश कुमार झा, जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा को सम्पूर्ण जिला का प्रभार, श्री के.सी.गुप्ता प्राचार्य डाइट विकासखण्ड बतौली, श्री सर्वजीत पाठक, जिला मिशन समन्वयक विकासखण्ड लखनपुर, श्री गिरीश गुप्ता जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता को सीतापुर, श्री रविशंकर तिवारी सहायक संचालक शिक्षा को उदयपुर, श्रीमती पूनम पाण्डेय सहायक संचालक शिक्षा को लुण्ड्रा, श्री सुनिल तिवारी सहायक जिला परियोजना अधिकारी आर.एम.एस.ए. को मैनपाट एवं श्री करूणेश श्रीवास्तव सहायक परियोजना समन्वयक को अंबिकापुर विकासखंड के मॉनिटरिंग का प्रभार दिया गया है।  
जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के सदस्य सचिव श्री दिनेश कुमार झा ने सभी सम्माननीय जनप्रतिनिधियों से आवश्यक सहयोग की अपील की है , ताकि प्रत्येक ग्राम पंचायत के 15 वर्ष से अधिक उम्र के असाक्षर शिक्षार्थी अनिवार्य रूप से महापरीक्षा अभियान में शामिल होकर शिक्षा के मुख्य धारा से जुड़ सकें। केंद्रीय जेल में निरुद्ध बंदियों पठन-पाठन के साथ उनके लिए भी परीक्षा केंद्र केंद्रीय जेल में ही स्थापित की गई है, उन्होंने कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थी जो स्वयंसेवक के रूप में साक्षरता कक्षा संचालित कर रहे हैं, उन्हें कहा है कि वे अपने शिक्षार्थियों को अनिवार्य रूप से महापरीक्षा में सम्मिलित करायें।  
जिला परियोजना अधिकारी श्री गिरीश गुप्ता ने जानकारी देते हुये बताया कि सरगुजा जिले में कुल 247 परीक्षा केन्द्र स्थापित किये गये हैं। 200 घंटे की पढ़ाई पूर्ण करने वाले व पठन-पाठन कर रहे शिक्षार्थी इस परीक्षा में रविवार को प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे के बीच कभी भी आकर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। इस महापरीक्षा अभियान में 15 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे शिक्षार्थियों को सम्मिलित कराया जाना है, जो शिक्षा की मुख्य धारा से कटे हुए या जो प्रारंभ से ही शाला त्यागी थे। इनके अलावा ऐसे नवसाक्षर जिन्होंने साक्षरता कक्षा में उल्लास प्रवेशिका के 200 घंटे की पढ़ाई पूरी कर ली है, उन्हें इस महापरीक्षा अभियान में सम्मिलित कराया जाना है। परीक्षा देने हेतु केन्द्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों के माध्यम से उन्हें पेन परीक्षा केन्द्र में ही उपलब्ध कराया जायेगा। शिक्षार्थियों को प्रश्न पत्र हल करने के लिए 03.00 घंटे का समय दिया जायेगा। प्रश्न पत्र तीन भाग में है पहला भाग -पढ़ना, दूसरा-लिखना, तीसरा-गणित। प्रत्येक भाग 50 अंकों का होगा, जिसमें प्रत्येक भाग में न्यूनतम 20-20 अंक प्राप्त करने वाले नवसाक्षर ही सफल हो पाएगें।  
उन्होंने सभी प्राचार्यों, संकुल प्रभारियों, संकुल शैक्षिक समन्वयकों, ग्राम प्रभारी शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं स्वयं सहायता समूह के सदस्यों तथा मितानिनों से अनुरोध किया है कि सुपोषित, शिक्षित एवं समृद्ध सरगुजा की मंशा के अनुरूप सभी शिक्षार्थियों को परीक्षा महाअभियान में सम्मिलित कराना है। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के निर्देशों का विकासखण्डों तक प्रचार-प्रसार, नामांकन, पंजीकरण, डाटा कम्प्यूटरीकरण और परीक्षा की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे।  
समस्त विकासखण्ड परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विकासखण्डों के चिन्हांकित ग्राम पंचायत व वार्ड के प्रधान पाठकों, ग्राम प्रभारी शिक्षकों की बैठक लेकर परीक्षा पूर्व की तैयारी अवश्य पूर्ण कर लें, प्रत्येक विकासखण्ड में कन्ट्रोल रूम स्थापित किया जावे, जो परीक्षा के दिन 11.30 बजे, 01.30 बजे व 03.50 तक की रिपोर्टिंग लेकर जिले में स्थापित कन्ट्रोल रूम प्रभारी श्री रजनीश मिश्रा, मोबाईल नम्बर 8319860214 एवं श्री अभिलाष खरे, मोबाईल नम्बर 7999183792 को समय-समय पर सूचित करें। महापरीक्षा के सफल क्रियान्वयन व मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों को सौंपे जाने हेतु निर्देशित किया गया।

About The Author