कलेक्टर ने की बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

मुंगेली, 21 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला पुनरीक्षण समिति की बैठक ली। बैठक में जिले में बैंकिंग सेवाओं की स्थिति, ऋण योजनाओं की प्रगति तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अग्रणी बैंक द्वारा पिछली बैठक की कार्यवाही के अनुमोदन के साथ जिले में संचालित बैंकों, एटीएम एवं बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट आउटलेट की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही बैंकों के वार्षिक लक्ष्यों के अनुरूप व्यवसाय एवं साख जमा अनुपात की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में ऋण वितरण एवं वार्षिक साख योजना की स्थिति पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री तोपनो ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, एनआरएलएम एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम सूर्यघर योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड के अंतर्गत प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बैंकर्स से कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा बैंकों को भेजे गए ऋण प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए। किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों को समय पर ऋण एवं बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। किसान क्रेडिट कार्ड में पशुपालन एवं मत्स्यपालन गतिविधियों को भी शामिल करते हुए ऋण सुविधा की स्थिति पर चर्चा की गई। इसके अलावा पीएमईजीपी, एमएमएसवाय, डीआईसी, केव्हीआईबी एवं केव्हीआईसी से संबंधित योजनाओं तथा अंत्योदय एवं आदिवासी विकास ऋण की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में शिक्षा ऋण योजना की स्थिति तथा शासकीय योजनाओं के अंतर्गत बढ़ रहे एनपीए खातों पर भी चर्चा की गई।
कलेक्टर ने वित्तीय समावेशन से जुड़ी प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही इन योजनाओं के सैचुरेशन की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में आरएसईटीआई द्वारा संचालित लिंकेज एवं वित्तीय साक्षरता गतिविधियों की समीक्षा के साथ जनदर्शन में प्राप्त जनशिकायतों के निराकरण में बैंकों की भूमिका पर भी चर्चा की गई। अंत में समिति के अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर ने बैंकर्स एवं विभागीय अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध पहुंचाने के लिए बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव सहित बैंकर्स और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author