मेगा ड्राइव के तहत ग्राम जमुनाही में विधिक जागरूकता शिविर
मुंगेली, 21 सितंबर 2026/sns/- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में जिले में 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड लोरमी के ग्राम जमुनाही में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव श्री सतीश कुमार खाखा की उपस्थिति में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में श्री खाखा ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के भरण-पोषण संबंधी अधिकार, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण के अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण, पैतृक संपत्ति में अधिकार एवं बंटवारे से संबंधित प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने ग्रामीणों को बाल विवाह निषेध अधिनियम एवं दहेज प्रताड़ना से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के अन्याय अथवा उत्पीड़न की स्थिति में पीड़ित व्यक्ति को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए उचित माध्यम से शिकायत एवं आवेदन करना चाहिए। श्री खाखा ने बताया कि यदि किसी मामले में थाना स्तर पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाती है, तो नियमानुसार रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से थाना एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को आवेदन प्रेषित किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को न्यायालयीन प्रक्रिया तथा विधिक सेवा योजना के संबंध में भी जानकारी दी।
विधिक जागरूकता शिविर में ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विशेष रूप से बताया गया। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता की सहायता प्राप्त कर सकता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कोई व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। शिविर में ग्राम पंचायत के सरपंच श्री चंद्रमणि साहू, गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं शासन की विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।