सेवा संकल्प अभियान: सर्पदंश से बेटे को खोने वाले परिवार को मिला आर्थिक संबल
कवर्धा, 21 सितंबर 2026/sns/- शासन की योजनाएं और संवेदनशील प्रशासन विपत्ति की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक संबल का आधार बनते हैं। कबीरधाम जिले के ग्राम मरका, तहसील पिपरिया निवासी श्री उजागर चैहान के परिवार के लिए भी शासन की आर्थिक सहायता कठिन समय में सहारा बनी। श्री उजागर चैहान के 08 वर्षीय पुत्र हेमचंद चैहान की 07 अप्रैल 2026 को प्रातः लगभग 04 बजे अपने निवास स्थान पर सोने के दौरान जहरीले सर्प के काटने से मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजनों द्वारा बालक को तत्काल जिला चिकित्सालय, कबीरधाम ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाना और जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ना है।
घटना की सूचना प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया गया। घटना से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों एवं तथ्यों का परीक्षण करते हुए राजस्व विभाग द्वारा नियमानुसार जांच एवं अभिलेखीय कार्यवाही की गई। जांच में बालक की मृत्यु सर्पदंश से होना पाए जाने पर राजस्व पुस्तक परिपत्र के नियम 6(4) के अंतर्गत विपत्तिग्रस्त परिवार को आर्थिक सहायता की पात्रता निर्धारित की गई। प्रकरण में शासन द्वारा 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई। स्वीकृत राशि सीधे विपत्तिग्रस्त पिता श्री उजागर चैहान के बैंक खाते में अंतरित की गई। आर्थिक सहायता मिलने से परिवार को इस कठिन परिस्थिति में आवश्यक आर्थिक संबल प्राप्त हुआ।